आराध्य देवी मां करणी की महिमा और सनातन संस्कृति के गूढ़ रहस्यों को आधुनिक सिनेमाई दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाली हिंदी फीचर फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ का आधिकारिक ट्रेलर मंगलवार को राजधानी जयपुर में भव्य स्तर पर लॉन्च किया जाएगा। लालकोठी स्थित ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान’ में शाम 4 बजे आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के प्रतिष्ठित संत-महात्मा, जन-प्रतिनिधि, सामाजिक हस्तियां और फिल्म जगत के कई जाने-माने कलाकार भी मौजूद रहेंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है।
फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ में आस्था और आधुनिक विज्ञान के अंतर्संबंधों को रहस्य, रोमांच और तार्किकता के ताने-बाने के साथ पर्दे पर उतारा गया है। फिल्म की पटकथा एक ऐसे आधुनिक व्यक्ति के जीवन चक्र के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शुरुआत में धर्म, आध्यात्म और ईश्वर के अस्तित्व पर संशय रखता है। हालांकि, उसके जीवन में घटित होने वाली कुछ अप्रत्याशित और वैज्ञानिक समझ से परे घटनाएं उसके पूरे चिंतन और दृष्टिकोण को झकझोर कर रख देती हैं। पूरी फिल्म नायक की अविश्वास से आस्था और संशय से आध्यात्मिक जागृति की ओर बढ़ती परिवर्तनकारी यात्रा को बेहद संजीदगी से दर्शाती है।
कलाकारों की बात करें तो फिल्म में बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता टिकू तलसानिया, अभिनेत्री पूजा जोशी, अभिनेता के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का कुशल निर्देशन कर्तव्य शाह द्वारा किया गया है। मां करणी के अनन्य साधक के. आर्यवर्धन ने फिल्म में उस केंद्रीय पात्र की भूमिका निभाई है, जिसका जीवन एक गहरे आध्यात्मिक बदलाव के दौर से गुजरता है।
फिल्म के निर्माताओं के मुताबिक, इस सिनेमाई प्रयास का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति की अमर विरासत, सनातन जीवन मूल्यों और मां करणी की आध्यात्मिक आभा को अत्याधुनिक विजुअल तकनीक और प्रभावी कथा-शिल्प के माध्यम से देश-विदेश के दर्शकों तक पहुंचाना है। निर्माण टीम का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी, जो तर्क और विज्ञान की कसौटी पर हर बात को परखती है, उसे अपनी प्राचीन आध्यात्मिक जड़ों और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ना ही इस फिल्म का मूल ध्येय है।








