राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से लोगों को तेज सर्दी का अहसास होने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
माउंट आबू और फतेहपुर सबसे ठंडे, शेखावाटी से मेवाड़ तक बढ़ी ठिठुरन
मौसम के बदलते मिजाज के बीच हिल स्टेशन माउंट आबू और सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं।
सीकर, भीलवाड़ा, चूरू और नागौर सहित शेखावाटी से लेकर मेवाड़ अंचल के कई जिलों में न्यूनतम तापमान गिरने से सर्दी तेज हो गई है। सुबह के समय चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ने लगती है। खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्द हवाओं का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
दो दिन घने कोहरे की चेतावनी, एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह के समय कोहरे का असर रहने से दृश्यता (Visibility) प्रभावित हो सकती है, जिससे हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में बारिश या मावठ की गतिविधियों के कोई आसार नहीं हैं, जिससे दिन में धूप खिली रहेगी लेकिन रात और सुबह के तापमान में गिरावट का दौर जारी रह सकता है।








