हरियाणवी सिनेमा और संगीत जगत की मशहूर डांसर व सिंगर सपना चौधरी (Sapna Choudhary) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। पति वीर साहू (Veer Sahu) के साथ छह साल की शादी खत्म कर तलाक की अर्जी दायर करने की आधिकारिक पुष्टि करने के कुछ ही दिनों बाद अब सपना चौधरी का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके आधिकारिक हैंडल को सर्च करने पर पेज उपलब्ध न होने और लिंक टूटे होने या पेज हटाए जाने का संदेश दिखाई दे रहा है।

हालांकि, सपना चौधरी की ओर से अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट खुद डिलीट या डीएक्टिवेट किया है,या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण है। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि यह घटनाक्रम उनके अलग हो चुके पति वीर साहू द्वारा अपने आगामी म्यूजिक एल्बम ‘प्रिंस एंड प्रॉस्टीट्यूट’ (Prince & Prostitute) की घोषणा और इसका पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किए जाने के ठीक बाद सामने आया है।
वीर साहू द्वारा साझा किए गए इस एल्बम के पोस्टर में वे शर्टलेस और लंबे बालों के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पीछे एक महिला खड़ी है जिसने उन्हें पीछे से पकड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर इस पोस्टर के सामने आने के ठीक बाद सपना चौधरी के मुख्य अकाउंट के अचानक अनुपलब्ध होने से उनके लाखों प्रशंसक हैरान हैं और इंटरनेट पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इससे पहले एक साक्षात्कार के दौरान सपना चौधरी ने वीर साहू के साथ अपने रिश्ते और तलाक की प्रक्रिया पर खुलकर बात की थी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि जब सब कुछ अच्छा था, तब वे साथ थे और जब चीजें अच्छी नहीं रहीं, तो उन्होंने अलग होने का फैसला किया। सपना ने जोर देकर कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसे केवल सामने वाला व्यक्ति या वे खुद ही सही मायने में समझ सकती हैं, और यदि कोई तीसरा व्यक्ति इसमें अपनी राय या दखल देने की कोशिश करता है, तो वह पूरी तरह गलत होगा।
अपने निजी जीवन में बाहरी हस्तक्षेप पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि शादी दो लोगों के बीच का रिश्ता है और यह रिश्ता उन दोनों का था,इसलिए आगे क्या करना है इसका फैसला भी वे आपस में ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक किसी ने उनके साथ रहकर उन परिस्थितियों को खुद देखा या अनुभव न किया हो, तब तक किसी को भी उनकी शादी या उनके बच्चों के बारे में अपनी राय नहीं देनी चाहिए, क्योंकि बाहर से बैठकर टिप्पणी करना बहुत आसान होता है।
बातचीत के दौरान सपना चौधरी ने प्यार और रिश्तों को लेकर अपने विचार साझा करते हुए ऐसी बातें भी कहीं, जिन्हें संभावित विश्वासघात के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार प्यार केवल शारीरिक नहीं होता, बल्कि यह आत्मा और भावनाओं से जुड़ा होता है, लेकिन पुरुष अधिक व्यावहारिक (Practical) होते हैं जबकि महिलाएं अक्सर भावनाओं में बह जाती हैं। गौरतलब है कि सपना चौधरी ने वर्ष 2020 में हरियाणवी गायक और अभिनेता वीर साहू से एक बेहद निजी समारोह में शादी की थी और इस दंपति के दो बच्चे हैं।








