अरावली की पथरीली छाती पर बसे नीमकाथाना की मिट्टी ने कभी जुल्म के आगे झुकना नहीं सीखा। इस क्षेत्र के बाशिंदों, किसानों, छात्रों और अधिवक्ताओं ने दशकों तक संघर्ष की धूप सही, पुलिस की लाठियां खाईं और भूख हड़तालें कीं, तब जाकर नीमकाथाना को ‘जिला’ होने का वह मान-सम्मान मिला था जिसकी वह हर पैमाने पर हकदार थी। लेकिन सत्ता के गलियारों में जब किसी एक नेता का अहंकार जनता के सामूहिक स्वाभिमान से बड़ा हो जाता है, तो फैसलों की स्याही धोखे में बदल जाती है। आज नीमकाथाना के गली-कूचों, चौपालों और वकीलों के चैंबरों में एक ही सवाल गूंज रहा है—जिस नीमकाथाना ने दशकों के इंतजार के बाद अपनी प्रशासनिक आजादी पाई थी, उसके अस्तित्व को अचानक मिटाने की पटकथा किसके इशारे पर लिखी जा रही है?
इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए किसी रॉकेट साइंस की जरूरत नहीं है, बस हाल ही में हुए सत्ता के उस खेल और एक बेहद चर्चित चेहरे की सियासी हरकतों को जोड़ने की जरूरत है। यह वही चेहरा है, जिसका कभी नीमकाथाना के चप्पे-चप्पे पर सिक्का चलता था। खुद को बहुत बड़ा ‘दानवीर’ और ‘भामाशाह’ बताकर जनता के बीच मसीहा बनने का ढोंग रचा जाता रहा, जबकि हकीकत में उसी छत्रछाया में अरावली की पहाड़ियों को छलनी कर अवैध खनन का साम्राज्य खड़ा किया गया। भारी डंपरों से नीमकाथाना की सड़कें लहूलुहान होती रहीं, धूल के गुबार में मासूमों की सांसें घुटती रहीं, लेकिन इस रसूखदार की तिजोरियां और सियासी हनक लगातार बढ़ती रही।
लेकिन 2023 के चुनावी महासमर में नीमकाथाना की स्वाभिमानी जनता ने उस पूरे अहंकार को तार-तार कर दिया। जनता ने अपने एक-एक वोट की चोट से उस चेहरे को 33 हजार से ज्यादा मतों के करारे अंतर से धूल चटाकर यह साफ कर दिया कि नीमकाथाना किसी की निजी जागीर नहीं है। यही चुनावी पराजय सत्ता के इस कथित मठाधीश के सीने में ऐसा कांटा बनकर चुभी, जिसने जनसेवा के तमाम मुखौटों को नोच फेंका।
चुनावी नतीजे आते ही प्रदेश में सत्ता बदल गई, और यहीं से नीमकाथाना के खिलाफ बदले की सबसे घिनौनी साजिश की शुरुआत हुई। चुनाव में बुरी तरह पिटने के बावजूद इस रसूखदार ने जयपुर और दिल्ली के आकाओं के सामने सिर झुकाकर अपने लिए ‘सैनिकों और वीरों’ के नाम पर चलने वाले एक बड़े बोर्ड की मलाईदार कुर्सी हासिल कर ली। गाड़ी पर चमकती लालबत्ती और राज्यमंत्री का रुतबा तो झटक लिया गया, लेकिन जिस नीमकाथाना की बदौलत कभी राजनीति की सीढ़ियां चढ़ी थीं, उसी नीमकाथाना की पीठ में खंजर घोंपने का काम शुरू कर दिया गया।
सचिवालय के बंद कमरों में बैठे वरिष्ठ नौकरशाह भी इस बात से हैरान हैं कि जब अन्य क्षेत्रों के नेता अपने-अपने जिलों को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे थे, तब नीमकाथाना का यह ‘लालबत्ती’ वाला नेता चुपचाप अपनी ही सरकार की कैबिनेट कमेटी के कानों में यह जहर घोल रहा था कि नीमकाथाना का जिला दर्जा निरस्त कर दिया जाए। कारण केवल एक था—नीमकाथाना को जिला बनाने का श्रेय विरोधी खेमे के खाते में दर्ज था, और इस पराजित नेता को यह डर दिन-रात सता रहा था कि अगर नीमकाथाना जिला बना रहा, तो इलाके से उसका और उसके खानदान का सियासी नामोनिशान हमेशा के लिए मिट जाएगा।
अपनी हार का बदला पूरे नीमकाथाना से लेने के लिए एक खौफनाक मनोवैज्ञानिक चाल चली गई। संदेश यह देने की कोशिश की गई कि अगर जनता उन्हें नहीं चुनेगी, तो नीमकाथाना से उसकी पहचान, उसका विकास और उसका हक तक छीन लिया जाएगा। जो शख्स चुनाव हारने के बाद अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए सरकार से लालबत्ती और सरकारी सुविधाएं मांग सकता है, क्या वह उसी सरकार के सामने सीना तानकर यह नहीं कह सकता था कि मेरे नीमकाथाना का जिला दर्जा नहीं छिनना चाहिए? लेकिन उसने ऐसा नहीं किया, क्योंकि इरादा ही नीमकाथाना को झुकाने और पंगु बनाने का था।
नीमकाथाना का बच्चा-बच्चा अब यह जान चुका है कि जिले के वजूद पर कैंची चलाने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि वही आस्तीन का सांप है जिसे कभी इस इलाके ने सिर-माथे बिठाया था। अपनी तिजोरियां भरने, पहाड़ों को बेचने और पद की लालसा में नीमकाथाना के स्वाभिमान का सौदा करने वाले इस चेहरे को इतिहास कभी बख्शेगा नहीं। नीमकाथाना की जनता अपने हक और अपनी माटी की पहचान को किसी हारे हुए राजनेता के अहंकार की भेंट नहीं चढ़ने देगी, और वक्त आने पर इस विश्वासघात का पाई-पाई हिसाब लोकतांत्रिक तरीके से चुकता करेगी।







