BREAKING: टाइगर श्रॉफ के बॉडीगार्ड नानावती अस्पताल पहुंचे, मुंबई पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया

- Advertisement -spot_imgspot_img
- Advertisement -spot_imgspot_img

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर रखकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। उधर, इस गोलीबारी में घायल हुए अभिनेता के ड्राइवर और सुरक्षाकर्मियों (बॉडीगार्ड्स) को उपचार और मेडिकल जांच के लिए विले पार्ले स्थित नानावती अस्पताल पहुंचाया गया है।

फुटबॉल खेलकर लौटते वक्त बीएमडब्ल्यू कार पर हुआ हमला

जुहू पुलिस स्टेशन और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर से महज 300 से 400 मीटर की दूरी पर स्थित पुष्पा पार्क के पास यह घटना उस वक्त घटी,जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपनी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही अभिनेता अपनी कार के पास पहुंचे, वहां प्रशंसकों की भीड़ सेल्फी लेने के लिए जमा हो गई। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस उपायुक्त (DCP) मोहित गर्ग और अभिनेता जैकी श्रॉफ की टीम ने पुष्टि की है कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, गोलीबारी और उसके बाद मची भगदड़ में टाइगर के ड्राइवर और वहां मौजूद एक ऑटोरिक्शा चालक समेत कुछ अन्य लोगों को चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद टाइगर श्रॉफ के बॉडीगार्ड्स घायल ड्राइवर को लेकर नानावती अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

चश्मदीद गवाह ने बयां किया खौफनाक मंजर

घटना के समय पुष्पा पार्क में बच्चों की एक बर्थडे पार्टी चल रही थी और कई स्थानीय लोग शाम की सैर कर रहे थे। मौके पर मौजूद एक महिला चश्मदीद ने आंखों देखा हाल बताते हुए कहा कि भीड़ के बीच अचानक एक संदिग्ध और गंदे से हुलिए वाला लड़का हाथ में बंदूक लेकर आया। उत्सव और शोरगुल के माहौल के कारण जब शुरुआती गोलियां चलीं, तो वहां मौजूद लोगों को लगा कि कोई पटाखे फोड़ रहा है। लेकिन जैसे ही लोगों ने हमलावर के हाथ में पिस्तौल देखी और गोलियों की तड़तड़ाहट बढ़ी, वहां चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए।

15 विशेष टीमें गठित, बिश्नोई गैंग के दावे की भी जांच

इस हमले के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित (अनमोल बिश्नोई ग्रुप) और हरमन संधू के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते हुए बॉलीवुड कलाकारों को सलमान खान के साथ काम न करने की धमकी दी गई है।

मुंबई पुलिस ने पूरे जुहू इलाके में नाकाबंदी कर दी है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए 15 विशेष टीमों का गठन किया गया है। चश्मदीद के बयान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हिरासत में लिए गए शख्स की हमलावरों को भगाने या अभिनेता की रेकी करने में क्या भूमिका थी, और सोशल मीडिया पर किए गए बिश्नोई गैंग के दावे में कितनी सच्चाई है।

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here