देश की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी Amazon की ग्राहक सेवाओं, पारदर्शिता और रिफंड नीति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आया है, जहां शहर के एक बड़े उद्यमी को ऑनलाइन शॉपिंग करना भारी पड़ गया। न केवल उन्हें ऑर्डर किए गए उत्पाद की जगह गलत सामान डिलीवर कर दिया गया, बल्कि 30 अक्टूबर को प्रोडक्ट वापस (रिटर्न) लेने के बावजूद आज तक उनके पैसे वापस नहीं किए गए हैं। कंपनी द्वारा तुरंत रिफंड का आश्वासन दिए जाने के बाद अब अदालतों की तरह ‘तारीख पर तारीख’ दी जा रही है।
ऑर्डर किया कुछ और, पार्सल खोला तो निकला अलग प्रोडक्ट
पीड़ित उद्यमी के अनुसार, उन्होंने भरोसा जताते हुए Amazon प्लेटफॉर्म से अपनी जरूरत का एक उत्पाद ऑनलाइन ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी प्रतिनिधि पार्सल लेकर पहुंचा और पैकेट खोला गया, तो अंदर वह सामान नहीं था जिसका ऑर्डर दिया गया था, बल्कि उसकी जगह बिल्कुल अलग उत्पाद भेज दिया गया था। गलत सामान मिलने पर उन्होंने तत्काल कंपनी के नियमों के तहत ऐप के माध्यम से रिटर्न रिक्वेस्ट दर्ज कराई।
30 अक्टूबर को हुआ रिटर्न, तुरंत रिफंड के वादे के बाद शुरू हुआ तारीखों का खेल
शिकायत दर्ज होने के बाद Amazon के प्रतिनिधि द्वारा 30 अक्टूबर को गलत उत्पाद का रिटर्न पिकअप कर लिया गया। उस समय कंपनी की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया था कि जैसे ही उत्पाद वेयरहाउस पहुंचेगा, तुरंत रिफंड की राशि खाते में जारी कर दी जाएगी। लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट साबित हुई और रिफंड के नाम पर तारीखें आगे खिसकाने का सिलसिला शुरू हो गया:
कस्टमर केयर से नहीं मिल रहा समाधान, उपभोक्ता फोरम जाने की तैयारी
जयपुर के इस प्रतिष्ठित उद्यमी का कहना है कि जब एक बड़े कारोबारी के साथ दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी का यह रवैया है, तो आम उपभोक्ताओं की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कंपनी के कस्टमर केयर पर बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं मिल रहा है और हर बार पुरानी तारीख निकलते ही एक नई तारीख थमा दी जाती है। कंपनी के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से आहत होकर पीड़ित उद्यमी ने अब मामले की शिकायत राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) और उपभोक्ता फोरम में दर्ज कराने का मन बना लिया है, ताकि ई-कॉमर्स कंपनियों की इस मनमानी पर सख्त लगाम लग सके।








