आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी ‘एनवीडिया’ (Nvidia) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन्सन हुआंग को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में सामने आई जासूसी की खबरों पर बीजिंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीन के विदेश मंत्रालय ने जेन्सन हुआंग और कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के बीच विवाहेतर संबंधों (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) और कंपनी की संवेदनशील जानकारियां बीजिंग तक पहुंचाने के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूरी तरह निराधार और झूठा करार दिया है।
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी विदेश मंत्रालय ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह चीन की छवि खराब करने के लिए गढ़ा गया एक मनगढ़ंत नैरेटिव है। मंत्रालय ने इन आरोपों की तुलना हॉलीवुड की किसी थ्रिलर फिल्म से करते हुए कहा कि इसमें सारे फिल्मी ट्विस्ट और सस्पेंस तो भर दिए गए हैं, लेकिन सच्चाई का कोई नामोनिशान नहीं है। चीन ने जोर देकर कहा कि इन दावों को साबित करने के लिए कोई भी पुख्ता सबूत सामने नहीं रखा गया है और पूरी रिपोर्ट केवल अज्ञात व अपुष्ट सूत्रों पर आधारित है।
इस विवाद के तार सिंगापुर से जुड़ने के बाद वहां की सरकार ने भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट की है। ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सिंगापुर के सुरक्षा अधिकारियों को इस मामले में संदेह था और उन्होंने सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ से जुड़ी एक महिला व्यवसायी की जांच की थी। सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने इस दावे का औपचारिक खंडन करते हुए कहा कि न तो सिंगापुर सरकार के अधिकारियों ने ऐसी कोई बात कही है और न ही इस तरह की कोई जांच वहां संचालित की गई थी।
एनवीडिया जैसी शीर्ष तकनीकी कंपनी के प्रमुख का नाम सामने आने के बाद से वैश्विक कूटनीतिक और टेक जगत में हलचल तेज हो गई है। पश्चिमी मीडिया द्वारा चीनी जासूसी सिंडिकेट पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि चीन और संबंधित पक्ष इन रिपोर्टों को राजनीति से प्रेरित और काल्पनिक बता रहे हैं।







