राजस्थान पंचायतीराज चुनाव की मतगणना के बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के लिए उनके गृह जिले से बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। नागौर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 5 से चुनाव मैदान में उतरीं हनुमान बेनीवाल की बहन दाखू देवीने बेहद रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी को 54 वोटों के अंतर से पराजित किया है। इस जीत के बाद बेनीवाल समर्थकों और आरएलपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल है।
कांटे के मुकाबले में दाखू देवी ने मारी बाजी
नागौर जिले की पंचायत समिति सीटों पर इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस और आरएलपी के बीच त्रिकोणीय और बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में नागौर पंचायत समिति के वार्ड-5 पर सभी की निगाहें टिकी हुई थीं, क्योंकि यहां से खुद हनुमान बेनीवाल की बहन दाखू देवी चुनावी रण में थीं। मतगणना के दौरान शुरुआत से ही दोनों पक्षों के बीच कांटे की टक्कर चली, लेकिन अंततः दाखू देवी ने 54 मतों से बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।
इससे पहले पैतृक गांव बरणगांव में भाभी बनी थीं सरपंच
उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव के इस महासंग्राम में बेनीवाल परिवार का दबदबा लगातार बरकरार है। इससे पूर्व पहले चरण के सरपंच चुनावों में हनुमान बेनीवाल के पैतृक गांव बरणगांव में उनकी छोटी भाभी राजबाला बेनीवाल ने भी जीत दर्ज कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया था। हालांकि,बरणगांव के उस चुनाव में उनकी दोनों भाभियां आमने-सामने थीं, जिसमें राजबाला ने जीत हासिल की थी। अब बहन दाखू देवी की पंचायत समिति सदस्य के रूप में जीत ने नागौर की स्थानीय राजनीति में हनुमान बेनीवाल की पकड़ को और मजबूत कर दिया है।
आरएलपी के लिए अहम मानी जा रही है यह जीत
राजस्थान के 37 जिलों में जारी पंचायत चुनाव के नतीजों के बीच नागौर की यह जीत आरएलपी के मनोबल को बढ़ाने वाली साबित हुई है।नागौर के अलावा जयपुर के सांगानेर और बीकानेर के लूणकरनसर क्षेत्र की पंचायत समितियों में भी आरएलपी प्रत्याशियों ने कई वार्डों में जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। दाखू देवी की जीत के बाद अब नागौर पंचायत समिति में प्रधान पद के गठन को लेकर भी राजनीतिक समीकरण तेज हो गए हैं।








