सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में कॉर्पोरेट घोषणाओं और दूसरी तिमाही (Q2FY27) के नतीजों का व्यापक असर देखने को मिलेगा। मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद कई दिग्गज कंपनियों ने अपने वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं, जबकि कुछ प्रमुख वित्तीय संस्थानों और ऑटोमोबाइल दिग्गजों ने बड़े रणनीतिक निवेश और कॉरपोरेट पुनर्गठन की घोषणाएं की हैं। ऐसे में आज के कारोबारी सत्र में कल्याण ज्वैलर्स,अवंती फीड्स, कोचीन शिपयार्ड, एमआरएफ, व्हर्लपूल ऑफ इंडिया, ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक, आईआईएफएल फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स सीवी,ज्योति लैब्स और अशोका बिल्डकॉन समेत कई चुनिंदा शेयर निवेशकों और ट्रेडर्स के रडार पर बने रहेंगे।
तिमाही नतीजों के मोर्चे पर आभूषण रिटेल सेक्टर की दिग्गज कंपनी कल्याण ज्वैलर्स ने शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। सालाना आधार पर कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 63.9 प्रतिशत बढ़कर ₹427 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में ₹261 करोड़ था। इस दौरान कंपनी का कुल राजस्व 31.4 प्रतिशत की उछाल के साथ ₹10,323 करोड़ दर्ज किया गया, जबकि कामकाजी मुनाफा यानी एबिटा 29.7 प्रतिशत बढ़कर ₹644 करोड़ रहा। कंपनी को तिमाही में ₹73.5 करोड़ का एकमुश्त लाभ भी हुआ। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि मौजूदा त्योहारी तिमाही की शुरुआत नवरात्रि और धनतेरस के दौरान बेहतरीन रही है और वे शादियों के आगामी सीजन को लेकर काफी उत्साहित हैं।
वहीं टायर निर्माता दिग्गज कंपनी एमआरएफ (MRF) के नतीजों पर कच्चे माल की बढ़ती लागत का साफ असर देखने को मिला है। कंपनी का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत घटकर ₹369 करोड़ रह गया, जबकि कुल राजस्व 17.6 प्रतिशत बढ़कर ₹8,524 करोड़ दर्ज हुआ। कंपनी का एबिटा 16.3 प्रतिशत घटकर ₹913 करोड़ और मार्जिन 15 प्रतिशत से घटकर 10.7 प्रतिशत पर आ गया। इसके बावजूद कंपनी बोर्ड ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹3 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की सिफारिश की है। कंपनी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स की ऊंची लागत ने मुनाफे पर प्रतिकूल असर डाला है, जिसके समाधान के लिए मूल्य वृद्धि और लागत कटौती के कदम उठाए जा रहे हैं।
रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक उपक्रम कंपनी कोचीन शिपयार्ड का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 50 प्रतिशत गिरकर ₹53.8 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹107.5 करोड़ था, हालांकि कंपनी का रेवेन्यू 11.7 प्रतिशत बढ़कर ₹1,249 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी ने भी शेयरधारकों के लिए ₹3 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। उधर अवंती फीड्स का शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत लुढ़ककर ₹69 करोड़ रह गया, जिसका कारण ₹17 करोड़ का एकमुश्त नुकसान और मार्जिन में तेज गिरावट रही। व्हर्लपूल ऑफ इंडिया का राजस्व 13.7 प्रतिशत बढ़कर ₹1,873 करोड़ रहा, लेकिन शुद्ध लाभ 39 प्रतिशत घटकर ₹25 करोड़ दर्ज किया गया, जिससे निपटने के लिए कंपनी ने 1 नवंबर से 5 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए हैं। इसके उलट ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक का शुद्ध लाभ 6 प्रतिशत बढ़कर ₹53 करोड़ और मैट्रिमोनी डॉट कॉम का मुनाफा लगभग तीन गुना बढ़कर ₹20.7 करोड़ दर्ज किया गया।
कॉरपोरेट घोषणाओं और बड़े सौदों में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी आईआईएफएल फाइनेंस सबसे आगे रही। कंपनी बोर्ड ने वैश्विक निवेश फर्म ब्लैकस्टोन के नेतृत्व में तरजीही आवंटन के जरिए ₹6,414 करोड़ जुटाने को मंजूरी दी है, जो ₹602 प्रति शेयर के भाव पर होगा। इसमें ब्लैकस्टोन से संबद्ध इनगॉट एसजी पीटीई अकेले ₹5,000 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे वह 15.57 प्रतिशत की अहम हिस्सेदारी के साथ कंपनी की प्रमुख माइनॉरिटी शेयरधारक बन जाएगी। इसके अलावा प्रमोटर निर्मल जैन ₹903 करोड़, वेंकटरमण राजामणि ₹271 करोड़ और आर्डेंट इम्पेक्स ₹90 करोड़ का निवेश करेंगे। वहीं एनबीएफसी दिग्गज बजाज फाइनेंस ने अपनी प्रमोटर कंपनी बजाज फिनसर्व को ₹1,010 प्रति वारंट के भाव पर 5.74 करोड़ वारंट जारी करके ₹5,800 करोड़ की पूंजी जुटाने का निर्णय लिया है।
टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम उठाते हुए इवेको ग्रुप (Iveco Group) में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 96.25 प्रतिशत कर ली है। हिस्सेदारी 95 प्रतिशत से अधिक होने के कारण कंपनी अब डच कानून के तहत बाकी बचे सभी शेयरों का लीगल स्क्वीज-आउट शुरू करेगी, जिसके चलते बोर्सा इटालियाना द्वारा इवेको के शेयरों का कारोबार निलंबित किया जाएगा। अन्य महत्वपूर्ण हलचलों में अशोका बिल्डकॉन को एनएचएआई से ₹866 करोड़ का प्रोजेक्ट मिला है, जबकि कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट ने ग्लोबस स्पिरिट्स की ‘DŌAAB इंडिया क्राफ्ट व्हिस्की’ को देश भर के आउटलेट्स के लिए मंजूरी दे दी है। इसके अतिरिक्त ज्योति लैब्स ने अपने बायबैक मूल्य को ₹215 से बढ़ाकर ₹240 प्रति शेयर कर दिया है और बैंक ऑफ बड़ौदा ने विभिन्न अवधियों के एमसीएलआर में 5 से 20 बेसिस प्वाइंट्स तक की बढ़ोतरी की है।








