राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक आमेर थाना इलाके की आमेर घाटी में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल और स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, जबकि अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग को तोड़ती हुई पास की गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों व राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
देर रात घाटी में मची अफरा-तफरी, दो घरों के चिराग बुझे
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रात करीब 11 बजे के बाद हुआ। कार में सवार लोग आमेर महल की तरफ से जलमहल की ओर आ रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे बाइक और स्कूटी सवारों से उनकी आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार शोएब (26) और साहिल (25) को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने शोएब और साहिल को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे में कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया और देर रात तक बड़ी संख्या में रिश्तेदार व परिचित अस्पताल पहुंचने लगे।
एसीपी प्रतीक सिंह पहुंचे अस्पताल, दो लोग हिरासत में
हादसे की गंभीरता को देखते हुए आमेर एसीपी प्रतीक सिंह तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कार सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों के दावों के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस मेडिकल जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस बात की पुष्टि करने में जुटी है।
आमेर घाटी में लगा लंबा जाम, रूट किया गया डायवर्ट
इस भीषण हादसे के बाद आमेर घाटी मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर बिखरे होने और कार के खाई में गिरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। देर रात तक सैकड़ों वाहन और सैलानी जाम में फंसे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आमेर पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता बुलाकर यातायात को रामगढ़ मोड़ और दिल्ली बाईपास की ओर डायवर्ट किया। पुलिसकर्मियों को देर रात तक क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात को सुचारू करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है।







