फरीदाबाद मर्डर केस: परमजीत धनखड़ हत्याकांड का मुख्य आरोपी मोनू शर्मा गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच को मिली सफलता

फरीदाबाद के सेक्टर-21C में टेक प्रोफेशनल परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा गिरफ्तार। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने दबोचा।

- Advertisement -spot_imgspot_img
- Advertisement -spot_imgspot_img

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पॉश इलाके सेक्टर-21C में धनतेरस की रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए पूर्व टेक एग्जीक्यूटिव परमजीत धनखड़ पर अंधाधुंध 15 से 16 राउंड फायरिंग कर उनकी हत्या करने वाले मुख्य आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया था, जिसे क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा।

इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह मामूली पार्किंग विवाद और पूर्व में पालतू कुत्ते को लेकर हुई आपसी कहासुनी बताई गई है।

जिम से लौटते ही पार्किंग पर हुआ था खूनी संघर्ष

मूल रूप से हिसार के रहने वाले 42 वर्षीय परमजीत धनखड़ सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपने परिवार—पत्नी, बेटे और बेटी—के साथ रहते थे। वे एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-बहुराष्ट्रीय कंपनी से जुड़े थे और कामकाज के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। आगामी 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी तय थी, जिसमें शिरकत करने के लिए वे महज दो दिन पहले ही सिंगापुर से फरीदाबाद पहुंचे थे।

घटना की रात करीब 8 बजे जब परमजीत जिम से वर्कआउट कर घर लौटे, तो गाड़ी पार्क करने को लेकर इसी मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मोनू शर्मा ने अपना आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

8-9 गोलियां लगने से मौके पर ही तोड़ा था दम

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने परमजीत पर लगभग 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां सीधे परमजीत के शरीर में जा धंसीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और वारदात के तुरंत बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिजनों समेत मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में खाली खोखे और कारतूस बरामद किए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चला आ रहा था। हत्याकांड से महज पांच दिन पहले भी आरोपी ने कुत्ते को लेकर हुए झगड़े में परमजीत के बेटे के साथ गाली-गलौज की थी, जिसकी रंजिश भी इस खूनी वारदात का कारण बनी।

क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की कई टीमों को आरोपी की धरपकड़ के लिए लगाया गया था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्तौल बरामद करने और वारदात में किसी अन्य की संलिप्तता की गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here